बांसवाड़ा में पहला फ्लावर–प्लांट शो, 500 से अधिक प्रजातियां प्रदर्शित
Share
‘वेस्ट टू वंडर’ थीम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
बांसवाड़ा, 4 जनवरी: बांसवाड़ा जिले में रविवार को पहली बार फ्लावर एंड प्लांट शो का आयोजन किया गया, जिसने शहरवासियों को प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया। यह प्रदर्शनी कुशलबाग मैदान के समीप स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल पार्क में बांसवाड़ा बाग-बगीचा समूह के तत्वावधान में आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस प्रदर्शनी की खास पहचान ‘वेस्ट टू वंडर’ थीम रही। इसके तहत अनुपयोगी और बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं को रिसाइकिल कर आकर्षक गमलों और सजावटी रूप में प्रस्तुत किया गया। इस नवाचार ने लोगों को कचरे के रचनात्मक उपयोग और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया।
कलेक्टर ने की सराहना
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत सिंह यादव ने फीता काटकर किया। प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए उन्होंने कहा कि वेस्ट सामग्री को फेंकने के बजाय रचनात्मक तरीके से उपयोग में लाना पर्यावरण के लिए बेहद उपयोगी है। उन्होंने आमजन से घरों में छोटे गार्डन विकसित कर हरियाली बढ़ाने की अपील की।
500 से ज्यादा पौधों की प्रजातियां
फ्लावर एंड प्लांट शो में 500 से अधिक प्रजातियों के फूल और पौधे प्रदर्शित किए गए। इनमें अडेनियम, पिटुनिया, हिबिस्कस, गुलदाउदी सहित कई दुर्लभ और आकर्षक किस्में शामिल रहीं, जिन्हें देखने के लिए दर्शक देर तक रुके रहे। समूह के सदस्यों ने आगंतुकों को पौधों की देखभाल, नियमित सिंचाई और कम्पोस्ट खाद बनाने की विधियों की भी जानकारी दी। आयोजन में लगभग 15 प्रतिभागियों ने अपने निजी पौधों के संग्रह के साथ सहभागिता निभाई। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. राजेश नावाड़े, दर्शिका व्यास, मनीष शर्मा, समीत भगोरा, योगेश्वर नगर और अनुपमा उपाध्याय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने इस शो को प्रतिवर्ष आयोजित करने का संकल्प जताया, ताकि बांसवाड़ा में हरियाली और पर्यावरण जागरूकता को निरंतर बढ़ावा मिल सके।
