प्रदेश की ऊर्जा क्षमता को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा बांसवाड़ा न्यूक्लियर पावर प्रोजेक्ट : सीएम
Share
सीएम भजनलाल शर्मा पहुंचे पीएम मोदी के दौरे की तैयारियों का जायजा लेने
कुशलबाग क्रिकेट स्टेडियम में शहरी सेवा शिविर का अवलोकन
पीएम की सभा में आने का न्योता
उदयपुर, 20 सितम्बर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बांसवाड़ा की धरती से माही बांसवाड़ा न्यूक्लियर पावर प्रोजेक्ट सहित कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। यह परियोजना प्रदेश की ऊर्जा क्षमता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मील का पत्थर साबित होगी।
मुख्यमंत्री शर्मा शनिवार को प्रधानमंत्री के 25 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने बांसवाड़ा के नापला पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सभास्थल, हेलीपैड, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कुशलबाग क्रिकेट स्टेडियम में शहरी सेवा शिविर का अवलोकन किया और टीबी मरीजों के परिजनों को निक्षय पोषण किट वितरित की। यहां आयोजित सभा में मुख्यमंत्री ने 25 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम में आने का न्योता देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री राजस्थान को विकास की महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं। उन्होंने कहा कि वागड़ के बुनियादी विकास के लिए डबल इंजन की सरकार कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन योजनाओं का पंजीकरण, राशन कार्ड, जाति और आय प्रमाण पत्र जैसी सेवाएँ तत्काल उपलब्ध कराई जा रही हैं। शहरों में सफाई, ब्लैक स्पॉट समाप्ति, सड़क, नाली और सीवर लाइनों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट्स की स्थापना एवं नमो पार्क विकास सहित जनोपयोगी कार्य चलाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने टीबी मुक्त भारत अभियान तथा स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियानों की जानकारी देते हुए लोगों से किसी भी लक्षण होने पर तुरंत शिविरों में जाकर जांच कर इलाज कराने की अपील की। उन्होंने किसानों और पशुपालकों के लिए गोपाल क्रेडिट कार्ड, किसान सम्मान निधि और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति भी साझा की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मंगला पशु बीमा योजना और खाद्य सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और चेक प्रदान किए। इस अवसर पर जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, विधायक कैलाश मीना, शंकरलाल डेचा, भाजपा जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी, पूर्व मंत्री महेंद्रजीतसिंह मालवीया, धनसिंह रावत, मुख्य सचिव सुधांश पंत, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव जल संसाधन अभय कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय शिखर अग्रवाल और अतिरिक्त मुख्य सचिव सार्वजनिक निर्माण प्रवीण गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री भाजपा कार्यालय भी पहुंचे। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पूरे समर्पण भाव से सहभागिता का आह्वान किया।
