LOADING

Type to search

बांसवाड़ा अपर हाई लेवल कैनाल: टनल की 1150 मीटर खुदाई पूरी

Local

बांसवाड़ा अपर हाई लेवल कैनाल: टनल की 1150 मीटर खुदाई पूरी

Share

बदलेगी 338 गांवों की तस्वीर, 42 हजार हेक्टेयर भूमि को मिलेगा लाभ
बांसवाड़ा, 18 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क)
: बांसवाड़ा जिले की सबसे महत्वाकांक्षी अपर हाई लेवल कैनाल परियोजना पर युद्धस्तर पर काम जारी है। करीब ₹2,248 करोड़ की लागत वाली इस परियोजना के तहत सिंगपुरा में बन रही 2,610 मीटर लंबी मुख्य टनल की 1,150 मीटर से अधिक की खुदाई पूरी हो चुकी है। दिसंबर 2024 में शुरू हुए टनल निर्माण को 60 सदस्यीय टीम द्वारा दिन-रात काम करके पूरा किया जा रहा है, और इसके 21 नवंबर 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है।
छह तहसीलों को मिलेगी नई पहचान
कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव ने इस योजना को जिले के लिए ‘गेम चेंजर’ बताया है। उन्होंने कहा कि माही बांध के पानी से यह योजना जिले के 338 नॉन-कमांड गांवों की तस्वीर बदल देगी। इससे 42 हजार हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होगी, पीने का पानी मिलेगा और खेती-बाड़ी तथा मिनरल्स के क्षेत्र में बांसवाड़ा उभरेगा। परियोजना से बांसवाड़ा, बागीदौरा, गांगड़तलाई, आनंदपुरी, कुशलगढ़ और सज्जनगढ़ तहसीलें सीधे तौर पर लाभान्वित होंगी।
चुनौतीपूर्ण खुदाई, 24 घंटे काम
सिंगपुरा टनल, जिसकी चौड़ाई और ऊंचाई 20 फीट है, का निर्माण पहाड़ी क्षेत्र में होने के कारण काफी चुनौतीपूर्ण है। टीम हर दिन औसतन 6 मीटर की गति से खुदाई कर रही है। सिविल इंजीनियर शैलेश गरासिया ने बताया कि 60 सदस्यीय टीम 24 घंटे काम कर रही है। एक शिफ्ट में मशीन से 95 ड्रिल होल कर लगभग 250 किलो विस्फोटक से ब्लास्टिंग की जाती है। श्रमिकों की सुरक्षा और स्वच्छ वातावरण के लिए बड़े पाइपों से निरंतर हवा की सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है। टनल के भीतर जमा पानी को निकालने के लिए हर 100 मीटर पर 5 HP मोटर लगाई गई है। सिंगपुरा टनल के अलावा परियोजना में छह अन्य छोटी सुरंगों का निर्माण भी जारी है, जिनके माध्यम से नहर का पानी बहेगा। निर्माण के बाद टनल के दोनों ओर मजबूत सीमेंट-कॉन्क्रीट की दीवारें बनाई जाएंगी। 102 किलोमीटर लंबी नहर में 20 हजार लीटर प्रति सेकंड पानी छोड़ा जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *