पूजा के लिए निकले युवक पर भालुओं का हमला
Share
उदयपुर, 26 दिसंबर: जिले के सायरा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन भालुओं ने मंदिर जा रहे एक युवक पर अचानक हमला कर दिया। हमले में युवक के हाथ, पैर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक को तत्काल गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
घटना सायरा पंचायत समिति क्षेत्र के रोयड़ा गांव की है। गांव निवासी लालाराम गमेती (28) सुबह करीब सात बजे भैरूजी मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए निकला था। इसी दौरान पंचायत भवन और मंदिर के बीच सुनसान रास्ते पर तीन भालू अचानक सामने आ गए और युवक पर हमला कर दिया। भालुओं ने उसे जमीन पर गिराकर पंजों से वार किए।
युवक के जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों के शोर मचाने पर भालू जंगल की ओर भाग गए, जिससे युवक की जान बच सकी। घायल अवस्था में लालाराम को ग्रामीणों की मदद से गोगुंदा अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसके शरीर पर कई जगह गहरे जख्म हैं, हालांकि हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सरपंच चोखाराम सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बाद में वन विभाग को भी जानकारी दी गई, जिस पर विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र कुंभलगढ़ अभयारण्य से सटा हुआ है, जिससे जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है। हाल के दिनों में भालुओं के आबादी क्षेत्र में आने की घटनाएं बढ़ी हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से नियमित गश्त और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
