LOADING

Type to search

कपासन में ज्वारा विसर्जन पर मधुमक्खियों का हमला

Local

कपासन में ज्वारा विसर्जन पर मधुमक्खियों का हमला

Share

90 लोग घायल, एक बुजुर्ग गंभीर हालत में चित्तौड़गढ़ रेफर
कपासन, 2 अक्टूबर (उदयपुर डेस्क):
चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन थाना क्षेत्र के बालारड़ा गांव में दशमी के ज्वारा विसर्जन जुलूस पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। घटना में करीब 90 लोग घायल हो गए, जिनमें से एक बुजुर्ग को गंभीर हालत में चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया है।
तालाब किनारे पेड़ से हुआ हमला
ग्रामीण शोभालाल जाट ने बताया कि सुबह 11:30 बजे गांव से माता के स्थान से ज्वारा विसर्जन का जुलूस निकला। जब जुलूस गांव से लगभग 400 मीटर दूर छोटे तालाब के पास पहुंचा, तभी पेड़ पर बने छत्ते से मधुमक्खियां अचानक उग्र होकर लोगों पर टूट पड़ीं। धुएं और शोर से परेशान मधुमक्खियों के हमले से जुलूस में भगदड़ मच गई। लोग बचने के लिए पास के घरों और दुकानों में छिप गए।
30 लोगों को अस्पताल पहुंचाया
घटना में 90 लोग डंक लगने से घायल हुए। इनमें से 30 लोगों को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल कपासन लाया गया। बीसीएमओ डॉ. महेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि अस्पताल में पहुंचे 30 मरीजों में से 28 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि दो मरीजों का इलाज जारी है। वहीं गंभीर रूप से घायल 72 वर्षीय बालूराम जाट को चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया।
गांव में भी हुआ इलाज
शेष 59 घायलों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बालारड़ा की टीम ने मौके पर ही इलाज किया। स्वास्थ्य कर्मियों ने गांव में पहुंचकर ड्रेसिंग और दवा दी। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि दशमी पर हर साल जुलूस निकलता है, लेकिन इस तरह की घटना पहली बार हुई है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखते हुए घायलों को तत्काल राहत और इलाज उपलब्ध कराया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *