अनजान व्यक्ति के भेजे विवाह के व्हाट्सएप निमंत्रण से रहें सावधान
Share
लिंक खोलते ही फोन हैक और बैंक खाते से उड़ सकते हैं पैसे, उदयपुर पुलिस ने दी चेतावनी
सुभाष शर्मा
उदयपुर, 5 अक्टूबर: उदयपुर में साइबर ठगों ने अब लोगों को लुभाने के लिए नया तरीका अपनाया है। ठग शादी-ब्याह, पार्टी या धार्मिक आयोजनों के नाम पर व्हाट्सएप पर फर्जी डिजिटल निमंत्रण कार्ड भेज रहे हैं।
पुलिस के अनुसार जैसे ही कोई व्यक्ति इन लिंक या फाइल को खोलता है, उसके मोबाइल में स्पाइवेयर या वायरस इंस्टॉल हो जाता है, जिससे ठग मोबाइल का पूरा नियंत्रण हासिल कर लेते हैं। इसके बाद वे बैंकिंग ऐप्स और यूपीआई के जरिए खातों से पैसे निकाल लेते हैं।
पिछले कुछ दिनों में शहर में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें लोगों के फोन हैक होकर खातों से हजारों रुपये तक गायब हो गए। ठग इन कार्ड्स को देखकर असली लगने वाले डिजाइन और नामों के साथ भेजते हैं ताकि लोग बिना सोचे समझे लिंक पर क्लिक कर दें।
पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि साइबर ठगी के कई अन्य तरीके भी चल रहे हैं—जैसे कस्टमर केयर बनकर ओटीपी या लिंक भेजना, इंस्टेंट लोन ऐप से डेटा चोरी, सोशल मीडिया पर प्रोफाइल हैक कर रिश्तेदारों से पैसे मांगना और ऑनलाइन शॉपिंग रिफंड के नाम पर बैंक विवरण लेना।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर या लिंक को न खोलें और न ही अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करें। यदि ऐसा कोई संदेश या निमंत्रण प्राप्त होता है, तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन या निकटतम साइबर थाने में शिकायत करें। सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।
