बिड़ला बोले, व्यापारी नए प्रयोग करें और एकजुट होकर व्यापार बढ़ाएं
Share
लोकसभा अध्यक्ष ने उदयपुर में चेम्बर आॅफ कॉमर्स के नए भवन का किया लोकार्पण
उदयपुर, 24 नवम्बर: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने उदयपुर के सेक्टर-14 में चेंबर ऑफ कॉमर्स के नवनिर्मित बहुमंजिला भवन का लोकार्पण करते हुए व्यापारियों को नवाचार और नए प्रयोग करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि जैसे देश और दुनिया तेजी से आगे बढ़ रही है, उसी प्रकार अपने व्यापार को भी सतत विकास और नवीनता के साथ आगे बढ़ाना चाहिए।
बिड़ला ने इस भवन को उदयपुर व्यापार जगत की एकता, त्याग और आर्थिक सहयोग का प्रतीक बताया। उन्होंने चेंबर अध्यक्ष पारस सिंघवी के नेतृत्व और व्यापारियों की सहयोग भावना की प्रशंसा की और इसे पूरे देश के लिए प्रेरणादायक बताया। समारोह की अध्यक्षता पूर्व मेवाड़ राजपरिवार के सदस्य डॉ. लक्ष्यराजसिंह मेवाड़ ने की, जिन्होंने व्यापारियों की भामाशाही भावना की सराहना की।
चित्तौड़ सांसद सीपी जोशी ने उदयपुर-मुंबई के लिए सीधी ट्रेन चलाने का आग्रह किया। पारस सिंघवी ने भवन निर्माण की कठिनाइयों और हजारों व्यापारियों के सहयोग और समर्पण को साझा किया। समारोह में भाजपा और कांग्रेस के शहर व ग्रामीण प्रतिनिधि, समाजसेवी और सांसद भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर चैंबर की भामाशाहों का सम्मान भी किया गया।
बिड़ला ने जोर देकर कहा कि व्यापारियों की एकजुटता और सतत प्रयास से ही आर्थिक और सामाजिक प्रगति सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने सभी व्यापारियों से प्रेरित होकर नए-नए प्रयोग करने और उदयपुर व्यापार समुदाय को देश में अग्रणी बनाने का आह्वान किया।
धरनेंद्र सभागार समर्पित
कार्यक्रम संयोजक दिनेश चावत, सह संयोजक राकेश जैन, सुख लाल साहू ने बताया कि भवन की मध्य मंजिल स्थित विशाल सभागार को “धरनेंद्र सभागार” के नाम से जाना जाएगा, जिसे भामाशाह इंदर सिंह मेहता परिवार द्वारा उदारतापूर्वक चेंबर को समर्पित किया है। इस घोषणा पर व्यापारियों ने मेहता परिवार की सराहना की। संचालन आलोक पगारिया ने किया। लोकार्पण समारोह से पहले लोकसभा अध्यक्ष बिड़ला भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ अलका मूंदड़ा के घर पहुंचे और परिजनों से मिले। यहां पूर्व अध्यक्ष दिनेश भट्ट, सुशील मूंदड़ा प्रेमसिंह शक्तावत आदि भाजपा नेता उपस्थित थे।
