LOADING

Type to search

शराब पार्टी में खूनी विवाद: मौसेरे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या

Local

शराब पार्टी में खूनी विवाद: मौसेरे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या

Share

उदयपुर, 14 जनवरी: उदयपुर जिले के झाड़ोल थाना क्षेत्र में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में एक युवक ने अपने मौसेरे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यह वारदात मंगलवार देर शाम झाड़ोल उपखंड के बाघपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मादड़ी गांव के देवीनपाड़ा इलाके में हुई। बेड़नपाड़ा निवासी मन्नालाल उर्फ मनीष (20) पुत्र केशु लाल कसौटा और उसका मौसेरा भाई मुकेश (21) शाम के समय घर से कुछ दूरी पर बैठकर शराब पी रहे थे। दोनों के बीच पहले से किसी पुराने विवाद को लेकर तनातनी चल रही थी। शराब के नशे में बहस ने उग्र रूप ले लिया और देखते ही देखते धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
बाघपुरा थानाधिकारी वेलाराम ने बताया कि विवाद के दौरान मुकेश आपा खो बैठा और पास में पड़ी कुल्हाड़ी उठाकर मनीष के सिर, गर्दन और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बाघपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। हत्या के बाद गांव में आक्रोश और तनाव की स्थिति बन गई, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। पुलिस ने आरोपी मुकेश को हिरासत में ले लिया है।
थानाधिकारी ने बताया कि मृतक और आरोपी दोनों मजदूरी का काम करते थे और आपसी विवाद की जानकारी पहले भी सामने आ चुकी थी। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम परिजनों की सहमति से करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर गहन जांच की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *