रिश्वत का आरोपी आरआई 29 तक न्यायिक हिरासत में
Share
-जांच में खुलासा, दो पेट्रोल पंप, पत्नी के नाम प्लांट
-अभी सोमवार को खुलेगा लॉकर
राजसमंद, 15 नवम्बर : राजसमंद में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) द्वारा 7 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किए गए भू-अभिलेख निरीक्षक (RI) कमलेश खटीक को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे 29 नवम्बर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। साथ ही एसीबी जांच में करोड़ों की अघोषित संपत्ति का जाल भी सामने आ रहा है।
शनिवार को एसीबी की टीम ने आरोपी से पूछताछ और दो स्थानों पर सर्च ऑपरेशन के दौरान चौंकाने वाले खुलासे किए। जांच में सामने आया कि आरोपी कमलेश खटीक के पास पुठोल गांव के पास एक पेट्रोल पंप में भागीदारी की जानकारी सामने आई है, जबकि पड़ासली गांव के पास दूसरा पंप निर्माणाधीन बताया जा रहा है। उसकी पत्नी के नाम बड़ारड़ा गांव के पास एक क्रशर प्लांट भी दर्ज है। एसीबी इस क्रशर प्लांट की खरीद, निवेश और लाइसेंसिंग की भी जांच कर रही है। इन सभी के दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
इसके अलावा टीम को पता चला कि आरोपी परिवार का एक एक्सिस बैंक लॉकर भी है, जिसे सोमवार को खोला जाएगा। लॉकर से भारी मात्रा में नकदी, आभूषण या अवैध निवेश का खुलासा हो सकता है। एसीबी एएसपी हिम्मत सिंह चारण के नेतृत्व में टीम ने शनिवार को आरोपी के गणेश नगर और जावद स्थित घरों पर विस्तृत तलाशी ली। टीम को कई दस्तावेज, लेन-देन की रसीदें और संदिग्ध संपत्तियों के कागजात मिले हैं। अब एसीबी आरोपी की आय से अधिक संपत्ति, आर्थिक नेटवर्क और पुराने पदस्थापनों में हुई गड़बड़ियों की जांच आगे बढ़ाएगी।
