चर्च जाने से इंकार करने पर पर भाई की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या!
Share
बांसवाड़ा जिले में कलिंजरा थाना क्षेत्र के शंभुपुरा गांव का मामला
बांसवाड़ा, 28 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): जिले के कलिंजरा थाना क्षेत्र के शंभुपुरा गांव में कथित रूप से चर्च जाने से इनकार करने पर एक युवक की उसके भाइयों ने रिश्तेदारों के साथ पीट-पीट कर हत्या कर दी। मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि रिश्तेदार धर्म परिवर्तन कराना चाहते थे। इनकार करने पर पीटने के बाद सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर मार दिया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के बाद सौंप दिया है और जांच शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस ने जबरन चर्च ले जाने की बात से इनकार किया है।
पुलिस के अनुसार मृतक कालू पुत्र लक्ष्मण सोलंकी भील शंभूपुरा गांव निवासी है। आरंभिक पूछताछ में उसकी पत्नियों जीवी और मंगली व अन्य रिश्तेदारों ने बताया कि कालू के भाई और कुछ अन्य रिश्तेदार उसे चर्च ले जाकर पादरी से मुलाकात करवाना चाहते थे। कालू ने उनके साथ इनकार कर दिया। इस पर गुस्साए भाइयों विनोद, राकेश, रविंद्र और दीतेश सहित उनके परिवार के लोगों ने कालू के साथ मारपीट की। पिटाई से चीखने-चिल्लाने पर भी उसे पीटते रहे। इसके बाद सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इससे कालू निढाल हो गया। यह देख हमलावर मौके से भाग खड़े हुए। इसके बाद परिजन कालू को लेकर बांसवाड़ा जिला मुख्यालय पर महात्मा गांधी चिकित्सालय के रवाना हुए, किंतु रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
कलिंजरा थानाधिकारी विक्रमसिंह ने बताया कि 6 भाइयों का परिवार है। सबसे बड़ा भाई कालू और दूसरे नंबर का कमलेश है। कालू का चार छोटे भाई विनोद, राकेश, रविंद्र और दीतेश सोलंकी भील के बीच विवाद हुआ। विवाद की वजह के बारे में पूछताछ की जा रही है। मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की गहनता से जांच शुरू कर दी है. मृतक कालू के दो पत्नियों से दो बेटे और एक बेटी है।
