LOADING

Type to search

कोटड़ा के मगरों में बसें नहीं चल सकती: मंत्री खराड़ी

Local

कोटड़ा के मगरों में बसें नहीं चल सकती: मंत्री खराड़ी

Share

ओवरलोड वाहन हादसों पर जताई चिंता
उदयपुर, 22 जनवरी :
जनजाति क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि कोटड़ा क्षेत्र के मगरों में बसों का संचालन संभव नहीं है। साधनों की कमी और पहाड़ी इलाके की कठिन भौगोलिक स्थिति के कारण आदिवासी लोग उपलब्ध वाहनों पर ही निर्भर हैं।
मंत्री खराड़ी ने यह बात बुधवार को कोटड़ा क्षेत्र में हुई भीषण ओवरलोड जीप दुर्घटना के संदर्भ में कही। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जिनमें बच्चे भी शामिल थे, जबकि करीब डेढ़ दर्जन यात्री घायल हुए। बीते एक साल में इसी तरह के चार हादसों में 12 लोग अकाल मृत्यु का शिकार हो चुके हैं।
हादसों के कारण और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की कमी पर मंत्री ने कहा कि पहाड़ी इलाका होने और वन क्षेत्र होने के कारण सड़कें सीमित हैं। वर्तमान में सरकार से उदयपुर को पांच नई बसें मिली हैं, जिनमें से दो बसें कोटड़ा क्षेत्र को मिलने के लिए रोडवेज अधिकारियों से चर्चा चल रही है। खराड़ी ने कहा कि दुर्घटनाओं को रोकने में प्रशासन और परिवहन विभाग की भी जिम्मेदारी है, लेकिन लोग भी सतर्क रहें और ओवरलोड वाहनों से दूरी बनाएं। उन्होंने हादसों को लेकर चिंता जताई और कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा व संसाधनों के अभाव के कारण बसें चलाना फिलहाल संभव नहीं है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *