कार पलटती हुई ट्रक से टकराई, बिजनेसमैन की मौत
Share
बाइक को बचाने के चक्कर में डिवाइडर कूदकर दूसरी तरफ पहुंची, साथी घायल
डूंगरपुर, 7 अक्टूबर (उदयपुर डेस्क): डूंगरपुर के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के बरोठी के पास सोमवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में अहमदाबाद के जिम इक्विपमेंट बिजनेसमैन अश्विन सिंह (40) पुत्र सत्यदेव ठाकुर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तब हुआ जब उनकी लग्जरी कार सामने आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई।
बिछीवाड़ा थाने के एएसआई लालशंकर के अनुसार, अश्विन सिंह अपने साथी रवि पुत्र अविनाश भाई के साथ उदयपुर में बिजनेस मीटिंग के बाद अहमदाबाद लौट रहे थे। नेशनल हाईवे-48 पर अचानक एक बाइक सवार कार के सामने आ गया। अश्विन ने टक्कर से बचने के लिए ब्रेक लगाई, जिससे कार बेकाबू होकर 3-4 बार पलट गई, डिवाइडर तोड़कर विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से जा टकराई और सर्विस रोड पर पलट गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अश्विन को सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को बिछीवाड़ा हॉस्पिटल पहुंचाया गया। वहां से उन्हें डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान अश्विन की मौत हो गई। शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया, जबकि साथी रवि को अहमदाबाद रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा ओवर स्पीड और अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने की कोशिश के चलते हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक और बाइक चालक दोनों से पूछताछ शुरू कर दी है।
