आज बांसवाड़ा आएंगे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, तैयारियों में जुटा प्रशासन
Share
उदयपुर, 19 सितम्बर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर बांसवाड़ा आएंगे। वे शहर के कुशलबाग मैदान में आयोजित शहरी सेवा शिविर का अवलोकन करेंगे। इस दौरान आमजन को मिल रही शहरी सुविधाओं की समीक्षा के साथ ही शिविर स्थल पर चल रही गतिविधियों का भी जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है।
विशेष डोम और प्रशासनिक तैयारियां
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल कुशलबाग मैदान में विशेष डोम तैयार किया जा रहा है। जिला कलेक्टर इंद्रजीत यादव ने गुरुवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा जिले के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ काम करें और व्यवस्थाएं जनता के हित में सुनिश्चित करें।
पीएम मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करेंगे
मुख्यमंत्री शर्मा नापला में आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शिलान्यास कार्यक्रम और सभा स्थल की व्यवस्थाओं का भी जायजा लेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन से पहले सुरक्षा, यातायात और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
त्रिपुरा सुंदरी मंदिर जाने का भी कार्यक्रम
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान त्रिपुरा सुंदरी मंदिर भी जा सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी का भी यहां पूजा-अर्चना का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसे देखते हुए मंदिर परिसर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं और मुख्यमंत्री यहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सकते हैं।
