12वीं के छात्र का लंच ब्रेक में अपहरण
Share
बेरहमी से पीटने के बाद झाड़ियों में फेंका, आरोपी फरार
बांसवाड़ा, 6 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क) : सदर थाना क्षेत्र के सामरिया गांव स्थित एक स्कूल से 12वीं कक्षा के छात्र के अपहरण और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लंच ब्रेक के दौरान अज्ञात लोगों ने छात्र को अगवा कर लिया, बुरी तरह पीटा और फिर उसे झाड़ियों में छोड़कर फरार हो गए। छात्र को महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सामरिया गांव निवासी छात्र मंगलवार को स्कूल पढ़ने गया था। परिजनों द्वारा सदर थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, लंच के समय जब छात्र स्कूल के पास एक दुकान पर सामान लेने गया, तभी उसका अपहरण कर लिया गया।
अपहरणकर्ता छात्र को लगभग 3-4 किलोमीटर दूर ले गए, जहां उन्होंने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और घायल अवस्था में उसे झाड़ियों में फेंक दिया। देर शाम तक जब छात्र घर नहीं लौटा तो परिवार वालों ने तलाश शुरू की और खोजबीन के दौरान वह झाड़ियों में घायल मिला। बुधवार को छात्र के शरीर पर गंभीर घाव और चोट के निशान देखने के बाद परिजन उसे सदर थाना ले गए और रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसके बाद उसे एमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
सदर थानाधिकारी बुधाराम बिश्नोई ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने अपहरणकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी है।
