मौताणे की मांग पर चढ़ोतरा, बेकरिया में परिवारों पर हमला
Share
आरोपियों ने घरों में लूटपाट, आगजनी और फायरिंग की, पीड़ित परिवार जंगल में भागा
गोगुंदा, 7 अक्टूबर (उदयपुर डेस्क): मौताणे की मांग को लेकर पीहर पक्ष के 30-40 हथियारबंद आरोपियों ने बेकरिया थाना क्षेत्र के जांबुआ खुना गांव में चढ़ोतरा कर दिया। आरोपियों ने घरों में तोड़फोड़ की, लूटपाट की और आग लगा दी। घटना के दौरान चार केलूपोश घरों को नुकसान हुआ। आरोपियों ने टोपीदार बंदूक से दिनेश पुत्र होमा और सोमा पर फायरिंग भी की, लेकिन दोनों बाल-बाल बच गए। डर के मारे पीड़ित परिवार जंगल में भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
घटना की सूचना मिलते ही बेकरिया थानाधिकारी उत्तम सिंह मेड़तिया जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी पहले ही फरार हो चुके थे। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। घटना ने ग्रामीणों में खौफ और आक्रोश बढ़ा दिया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने और मृतका के परिवार के लिए न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है।
महिला की मौत से जुड़ा मामला
सूत्रों के अनुसार यह हमला एक महिला की मौत से संबंधित है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 5 सितंबर को सोमा गरासिया ने बताया कि उनकी पत्नी भूरी बाई गरासिया जंगल में घास लेने गई थी और देर तक घर नहीं लौटी। खोजबीन के दौरान उन्हें जंगल में बेहोश पाया गया। परिजनों ने उन्हें निजी वाहन से नजदीकी बेकरिया सीएचसी पहुँचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
