उदयपुर में यूडीए कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस व बाप पार्टी का जोरदार प्रदर्शन
Share
पीड़ितों के समर्थन में कांग्रेस ने घेरा यूडीए कार्यालय, बाप पार्टी पहुंची कलेक्ट्री
उदयपुर, 10 नवम्बर: शहर के बलीचा स्थित बडीगढ़ में उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के बाद उपजे राजनीतिक माहौल के बीच सोमवार को कांग्रेस और भारतीय आदिवासी पार्टी (बाप) ने विरोध-प्रदर्शन किया।
कांग्रेस का यूडीए कार्यालय पर प्रदर्शन: शहर व देहात कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने यूडीए कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। देहात जिलाध्यक्ष कचरूलाल चौधरी और शहर जिलाध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ के नेतृत्व में पीसीसी उपाध्यक्ष सुरेश श्रीमाली, पीसीसी महासचिव गोपाल शर्मा, पंकज कुमार शर्मा, महिला अध्यक्ष नजमा मेवाफरोश, शांता प्रिंस, प्रवक्ता डॉ. संजीव राजपुरोहित, ब्लॉक अध्यक्ष अजयसिंह, शहर संगठन महासचिव अरुण टांक, युवा कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह केलावत आदि ने भाजपा सरकार और यूडीए प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। चौधरी ने यूडीए की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए बेघर हुए परिवारों के लिए ‘पर्ची सरकार’ से आशियाने की व्यवस्था करने की मांग की। राठौड़ ने कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताते हुए कॉलोनी बसाने में लिप्त भाजपा नेताओं और यूडीए कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन देने के लिए जब कांग्रेसजन कार्यालय में घुसने लगे तो प्रवेश द्वार पर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। बाद में यूडीए सचिव हेमेंद्र नागर ने द्वार पर आकर ज्ञापन स्वीकार किया, जिसमें पीड़ितों को आशियाना और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
बाप पार्टी का कलेक्ट्री पर प्रदर्शन
उधर, भारतीय आदिवासी पार्टी (बाप) के सांसद राजकुमार रोत अपने समर्थक कार्यकर्ताओं और प्रभावितों के साथ कलेक्ट्री पहुंचे और नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर प्रभावितों के साथ न्याय करने की मांग की।
डॉ. कटारा का अलग से ज्ञापन देना चर्चा में
कांग्रेस नेता डॉ. विवेक कटारा भी कुछ कार्यकर्ताओं के साथ बलीचा जाकर पीड़ितों से मिले। इसके बाद वह कांग्रेस के मुख्य प्रदर्शन से अलग हटकर, अपने कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्री पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीण क्षेत्र का मामला बताते हुए अलग से कलेक्ट्री जाने को लेकर डॉ. कटारा पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय बने रहे।
भाकपा ने भी की मुआवजे की मांग
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के प्रतिनिधिमंडल ने भी अतिरिक्त जिला कलेक्टर जितेंद्र ओझा को ज्ञापन सौंपा। भाकपा जिला सचिव हिम्मत चांगवाल के नेतृत्व में पंडित जीव राज शर्मा, ठाकुर मीणा और नरेंद्र गमेती आदि ने सौंपे गए ज्ञापन में यूडीए के रवैये का कड़ा विरोध करते हुए गरीब मजदूरों को पुनः मकान बनाने के लिए मुआवजा देने की मांग की गई।
