राजसमंद में रावण पुतले में सिगरेट से विवाद
Share
व्यापारियों और आम नागरिकों ने जताई आपत्ति, कहा—यह धार्मिक आस्था और परम्पराओं का मजाक
राजसमंद, 2 अक्टूबर: दशहरा महोत्सव के दौरान राजसमंद नगर परिषद द्वारा बनाए गए रावण के पुतले को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मेला ग्राउंड स्थित बालकृष्ण स्टेडियम में तैयार किए गए 51 फीट ऊंचे पुतले के मुंह में सिगरेट लगाए जाने पर नागरिकों और व्यापारियों ने कड़ा विरोध जताया। उनका कहना था कि यह परंपरा और धार्मिक आस्थाओं का मजाक है।
आक्रोश बढ़ते ही परिषद ने तुरंत सिगरेट हटाने का आदेश दिया, लेकिन लोगों ने चेतावनी दी कि यदि पुतले में आवश्यक सुधार नहीं किया गया तो वे रावण दहन का विरोध करेंगे।
इधरत्र दशहरे के दिन राजनगर फव्वारा चौक पर लगे रावण पुतले को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया। नागरिकों और व्यापारियों ने पुतले की ऊंचाई, कपड़े और चेहरे की बनावट पर नाराजगी जताई। उनका आरोप था कि परिषद ने दशहरे जैसे बड़े त्योहार में गंभीर लापरवाही बरतते हुए नाममात्र का पुतला खड़ा कर दिया, जबकि यह बच्चों और लोगों के आकर्षण का केंद्र होता है।
विवाद बढ़ने पर नगर परिषद आयुक्त बृजेश राय मौके पर पहुंचे और ठेकेदार को बुलाकर सुधार करने के निर्देश दिए। इस दौरान व्यापारी प्रतिनिधि नर्मदा शंकर पालीवाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे।
