उदयपुर में बार-बार रोड कटिंग पर निगम बरतेगा कड़ाई
Share
एजेंसियों को देनी होगी समयबद्ध योजना
उदयपुर, 24 नवंबर : शहर में बार-बार रोड कटिंग से नागरिकों को हो रही परेशानियों के समाधान के लिए नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने सोमवार को सभी कार्यकारी एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क कार्य समन्वित और समयबद्ध तरीके से किए जाएं ताकि आम लोगों को असुविधा न हो।
आयुक्त ने अडानी गैस, पीडब्ल्यूडी, एयरटेल, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और नगर निगम समेत सभी एजेंसियों से कहा कि सड़क कार्य एक साथ या बारी-बारी से पूरे किए जाएं।
प्रत्येक एजेंसी को प्रति दो माह अपनी कार्य योजना नगर निगम में प्रस्तुत करनी होगी, जिसके आधार पर रोड कटिंग की अनुमति दी जाएगी। रोड कटिंग की अनुमति देने से पहले आम नागरिकों के लिए सूचना प्रकाशित की जाएगी। नगर निगम टेंडर के माध्यम से रोड मरम्मत कार्य भी तुरंत शुरू करेगा, ताकि कटिंग के बाद सड़क की स्थिति सुधारी जा सके।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि रोड दोष निवारण अवधि में किसी एजेंसी द्वारा कटिंग की जाती है, तो पूरी सड़क सुधार का खर्च उस एजेंसी को नगर निगम में जमा करना होगा।
