राजस्थान में बेटियों के साथ अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा: अलका लांबा
Share
एमबी राजकीय चिकित्सालय में दुष्कर्म पीड़िता से की मुलाकात
उदयपुर। 12 सितम्बर
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा कि राजस्थान में लगातार बेटियों के साथ बलात्कार और अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बांसवाड़ा जिले में गत 21 अगस्त को आदिवासी किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई, जो देश और राज्य के लिए शर्मनाक है।
अलका लांबा शुक्रवार को एमबी राजकीय चिकित्सालय पहुंचीं और उपचाराधीन पीड़िता किशोरी व उसके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नेशनल क्राइम रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान बलात्कार जैसे अपराधों में शीर्ष पर है। चिकित्सकों ने उन्हें बताया कि हाल ही में दो माह की बच्ची के साथ उसके पिता ने भी अपराध किया।
अलका लांबा ने सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि यह जिम्मेदारी केवल सत्ता की राजनीति नहीं बल्कि समाज की है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार और समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में महिला आयोग अध्यक्ष की नियुक्ति न होना चिंता का विषय है। पीड़िता और उसकी मां को काउंसलिंग की आवश्यकता है। अलका लांबा ने आश्वस्त किया कि इस बच्ची और अन्य पीड़ितों के न्याय के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
