बारिश के बाद खस्ताहाल सड़कें
Share
वाहन चालकों के लिए सड़कों पर चलना हुआ दुश्वार, हादसे को आमंत्रण दे रही बड़गांव पुलिया
फतहनगर, 9 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): फतहनगर क्षेत्र में इस बार अच्छी बारिश से पेयजल समस्या का समाधान तो हुआ, लेकिन सड़कों की हालत बेहद खराब हो गई है। व्यापारिक नगर फतहनगर को जोड़ने वाले अधिकांश मार्ग खस्ताहाल पड़े हैं। फतहनगर से बनेडिया वाया धोला का धनेरिया मार्ग पर चार पहिया वाहन हिचकोले खाते हुए चलते देखे जा सकते हैं, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
खराब सड़कों के कारण न केवल वाहनों को नुकसान हो रहा है, बल्कि लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में भी अधिक समय लग रहा है। फतहनगर से ईंटाली मार्ग, जोयडा पुलिया से लेकर बड़गांव कांटा तक सड़क अत्यंत जर्जर हो चुकी है। विशेष रूप से बड़गांव के समीप बेड़च नदी पर बनी पुलिया गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त है—इसके दोनों ओर की वंशियां टूट चुकी हैं और बीच में पुलिया धंस गई है। दोपहिया वाहन तो बमुश्किल निकल पा रहे हैं, जबकि चारपहिया वाहनों के लिए यह बेहद जोखिम भरा मार्ग बन गया है।
उल्लेखनीय है कि 2006 में बारिश के दौरान यह पुलिया बहाव में टूट गई थी, जिसके बाद इसका पुनर्निर्माण हुआ था। अब फिर यह पुलिया मरम्मत की दरकार में है। रात के समय अनजान वाहन चालकों के लिए यह स्थान अत्यंत खतरनाक है।
इसी तरह की स्थिति फतहनगर से चंगेड़ी एवं आमली मार्ग पर भी बनी हुई है। कृषि उपज मंडी तक कई गांवों का माल इसी रास्ते से पहुंचता है, फिर भी यह मार्ग उपेक्षित है। वहीं कीरकी चौकी से मावली तक जाने वाली सड़क—जो बड़गांव कांटा, आमली और खेमपुर होकर गुजरती है—रोहिड़ा गांव में बड़े-बड़े गड्ढों से भरी हुई है। इन गड्ढों में पानी भरने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है।
ग्रामीण हीरालाल मेनारिया ने बताया कि कई बार अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
