LOADING

Type to search

कपिल शर्मा को डायरेक्ट करना शानदार अनुभव, जितने दिखते हैं उतने ही सहज और मेहनती हैं: रिदम सनाढ्य

Local

कपिल शर्मा को डायरेक्ट करना शानदार अनुभव, जितने दिखते हैं उतने ही सहज और मेहनती हैं: रिदम सनाढ्य

Share

किस किस को प्यार करूं 2 के ओपनिंग सॉन्ग का निर्देशन, भोपाल की चुनौतीपूर्ण लोकेशन पर हुआ शूट
सुभाष शर्मा
उदयपुर, 16 दिसम्बर:
उदयपुर की बेटी और मशहूर सॉन्ग डायरेक्टर रिदम सनाढ्य ने कहा है कि कॉमेडियन-एक्टर कपिल शर्मा को डायरेक्ट करना उनके करियर का एक यादगार और शानदार अनुभव रहा। वे जैसे स्क्रीन पर नजर आते हैं, वास्तविक जीवन में भी उतने ही सहज, सरल और मेहनती हैं। रिदम ने कपिल शर्मा की लेटेस्ट फिल्म ‘किस किस को प्यार करूं 2’ के ओपनिंग सॉन्ग ‘हर सफर में तू हमसफर चाहिए’ का निर्देशन किया है, जिसे सोनू निगम ने अपनी आवाज दी है।
रिदम सनाढ्य ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि फिल्म के डायरेक्टर अनुकल्प गोस्वामी का विजन बेहद स्पष्ट था, जिससे गाने को फिल्माने में काफी सहूलियत मिली। यह गाना मध्य प्रदेश के भोपाल में एक चुनौतीपूर्ण लोकेशन पर शूट किया गया, जहां मंदिर पहाड़ी की चोटी पर था। हर रीटेक के लिए कपिल शर्मा और वरीना हुसैन को पूरी यूनिट के साथ सीढ़ियां चढ़नी-उतरनी पड़ीं। इसके बावजूद दोनों कलाकार सेट पर बेहद सहयोगी और सकारात्मक रहे।
उदयपुर आई रिदम ने बताया कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद पूरी टीम ने प्रोफेशनल तरीके से काम किया, जिसका असर स्क्रीन पर साफ नजर आता है। उन्होंने कहा कि कपिल शर्मा एक डिसिप्लिन्ड और डेडिकेटेड कलाकार हैं, जिनके साथ काम करना किसी भी डायरेक्टर के लिए सुखद अनुभव होता है।
उदयपुर की बेटी का बॉलीवुड में परचम
गौरतलब है कि उदयपुर की रिदम सनाढ्य अब तक फिल्म इंडस्ट्री के नामचीन लेबल्स और सिंगर्स के लिए 200 से अधिक म्यूजिक वीडियो डायरेक्ट कर चुकी हैं। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने एक्ट्रेस और एंकर के रूप में भी काम किया। दूरदर्शन पर प्रसारित उनका शो ‘मिशन मनोरंजन’ खासा लोकप्रिय रहा। रिदम ने आशुतोष राणा, अनु मलिक, जुबिन नौटियाल, असीस कौर, शाहिद माल्या, कृष्णा बेरुआ, लखबीर सिंह लक्खा और पलक मुच्छल जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ काम किया है। रिदम की मां अनिता सनाढ्य ने कहा कि उन्हें गर्व है कि उनकी बेटी ने कपिल शर्मा की फिल्म के ओपनिंग सॉन्ग का सफल निर्देशन किया, जिसे सोनू निगम ने गाया है।


बांसवाड़ा बेहद खूबसूरत, फिल्मों की शूटिंग के लिए अहम
फिल्म रिलीज से पहले कुलदेवी त्रिपुरा सुंदरी के दर्शन के लिए बांसवाड़ा पहुंचीं रिदम ने कहा कि बांसवाड़ा बेहद खूबसूरत है। अगर बॉलीवुड की नजर यहां पड़ी तो फिल्मों की शूटिंग की लाइन लग जाएगी। यात्रा के दौरान उन्होंने माही बैकवॉटर, कल्पवृक्ष दर्शन और स्थानीय दाल-बाटी का भी आनंद लिया। इस दौरान उनके साथ मां अनिता, बहन और फेमस प्रोडक्शन डिजाइनर क्विंसी सनाढ्य सहित परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *