दीया बोलीं: विधानसभा में उठाएंगी उदयपुर में हाईकोर्ट का मुद्दा, न्यायिक सुविधाओं का विकेंद्रीकरण सुनिश्चित करेंगे
Share
उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी से बार एसोसिएशन की मुलाकात, मेवाड़-वागड़ में हाईकोर्ट बेंच की मांग जोर पकड़ी
उदयपुर, 14 अक्टूबर : उदयपुर बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी से मुलाकात कर मेवाड़-वागड़ क्षेत्र में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग जोर देकर रखी। यह मुलाकात उप मुख्यमंत्री के उदयपुर दौरे के दौरान हुई। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष चंद्रभान सिंह शक्तावत ने किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विस्तृत ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही इस न्यायिक मांग पर चर्चा की।
बार एसोसिएशन के महासचिव महावीर प्रसाद शर्मा ने बताया कि पिछले 44 वर्षों से मेवाड़-वागड़ की जनता हाईकोर्ट बेंच की स्थापना को लेकर आंदोलनरत है। बिना बेंच के आमजन को न्याय के लिए जयपुर या जोधपुर की लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री को बताया कि उदयपुर में हाईकोर्ट बेंच का गठन न केवल समय की आवश्यकता है, बल्कि यह क्षेत्र की न्यायिक पहुँच को सुदृढ़ बनाने के लिए भी आवश्यक है।
इस पर उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिया कि उन्होंने पहले भी राज्यसभा में इस मुद्दे को उठाया था और अब मुख्यमंत्री से चर्चा कर इसे आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए न्यायिक सुविधाओं का विकेंद्रीकरण सुनिश्चित करेगी।
प्रतिनिधिमंडल में मेवाड़-वागड़ हाईकोर्ट बेंच संघर्ष समिति के संयोजक रमेश नंदवाना, पूर्व अध्यक्ष शंभू सिंह राठौड़, वरिष्ठ अधिवक्ता अरुण व्यास और सचिव अभिषेक कोठारी भी उपस्थित रहे। मुलाकात में सभी ने क्षेत्र में न्यायिक बेंच की आवश्यकता और उससे जुड़ी समस्याओं को विस्तार से रखा। उप मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि यह मुद्दा विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाएगा।
