बांसवाड़ा में कुत्ते का आतंक: 8 लोगों को काटा
Share
डाबड़ी माल गांव में फैली दहशत, प्रशासन ने जारी किए सतर्कता निर्देश
बांसवाड़ा, 2 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): बांसवाड़ा जिले के आबापुरा क्षेत्र के डाबड़ी माल गांव में एक आवारा कुत्ते ने शनिवार को आठ लोगों पर हमला कर दिया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल फैल गया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार कुत्ते ने गांव के छह लोगों — कांता पत्नी केरेंग, केरेंग पुत्र हकरू, कमला पत्नी भेरा, लखां पत्नी पितेश, पप्पूलाल पुत्र प्रभु और विकास पुत्र वागू — को काट लिया। इसके अलावा, बरवाड़ा मचार गांव के दला पुत्र लक्सी और एक अज्ञात महिला को भी कुत्ते ने घायल किया।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत एक्शन लेते हुए गांव में सतर्कता और बचाव के निर्देश जारी किए हैं। ग्रामीणों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है और कुत्ते की तलाश के लिए टीम भेजी गई है।
एक ही दिन में आठ लोगों के घायल होने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि सभी घायलों को एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई गई है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है।
