डॉ. नरेंद्र हड़प्पावत बनाएंगे एक करोड़ की लागत से साइंस ब्लॉक
Share
पूर्व विद्यार्थी ने भावुक होकर किया विद्यालय विकास का संकल्प
प्रतापगढ़, 8 अक्टूबर (उदयपुर डेस्क): शिक्षा विभाग प्रतापगढ़ के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नीमच नाका में आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि भामाशाह डॉ. नरेंद्र कुमार हड़प्पावत ने विद्यालय में नया साइंस ब्लॉक बनवाने की घोषणा की। करीब 60 वर्ष पूर्व इसी विद्यालय में अध्ययनरत रहे डॉ. हड़प्पावत वर्तमान में न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध हार्ट सुपर स्पेशलिस्ट हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार तेतरवाल के आग्रह पर उन्होंने लगभग एक करोड़ रुपए की लागत से साइंस ब्लॉक निर्माण की सहमति दी। भावुक होकर डॉ. हड़प्पावत ने कहा कि इस विद्यालय का उनके जीवन में बड़ा योगदान है और अब इसकी प्रगति में भागीदार बनना उनका सौभाग्य है।
उन्होंने बताया कि सेवा कार्यों की प्रेरणा उन्हें अपनी मां से मिली। इससे पहले उन्होंने जिला अस्पताल भवन के निर्माण में भी योगदान दिया था। तेतरवाल और प्रधानाचार्य संगीता ने डॉ. हड़प्पावत, धनपाल हड़प्पावत, अनिल जैन और राजेश तोमर का सम्मान किया। तेतरवाल ने कहा कि अन्य पूर्व विद्यार्थी भी इस उदाहरण से प्रेरणा लेकर विद्यालय विकास में योगदान देंगे।
