LOADING

Type to search

शिक्षा से बनेगा देश का भविष्य: राज्यपाल कटारिया

Local

शिक्षा से बनेगा देश का भविष्य: राज्यपाल कटारिया

Share

445 उत्कृष्ट विद्यार्थियों का सम्मान, युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान
उदयपुर, 25 दिसम्बर:
पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि शिक्षा और पाठ्यक्रम व्यक्ति निर्माण की नींव हैं। जब तक शिक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं होगी, देश का भविष्य भी सुरक्षित नहीं हो सकता। व्यक्ति निर्माण से ही राष्ट्र निर्माण संभव है।
वे गुरुवार को श्री सुन्दर सिंह भण्डारी चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित उत्कृष्ट विद्यार्थी सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। कटारिया ने कहा कि लंबे समय तक इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पढ़ाया गया, अब उसके पुनर्लेखन की जरूरत है ताकि युवा हाड़ी रानी, पन्नाधाय जैसे प्रेरक चरित्रों से जुड़ सकें। उन्होंने उत्कृष्ट विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने के लिए उनके विद्यालयों को प्रति विद्यार्थी 30 हजार रुपये विधायक व सांसद मद से देने की अपील की।
मुख्य वक्ता स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की जिम्मेदारी युवाओं पर है। युवाओं को देश के गौरवशाली इतिहास को जानकर राष्ट्र निर्माण में समर्पित होना होगा। समारोह में सांसद मन्नालाल रावत, जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी, उद्योगपति जीएस पोद्दार, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, गोगुंदा विधायक प्रताप गमेती, सलूम्बर विधायक शांता मीणा, वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी बतौर अतिथि मंचासीन रहे।
समारोह में 10वीं व 12वीं बोर्ड में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले 445 विद्यार्थियों और राज्य स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को प्रशस्ति पत्र, उपरणा व नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि व शिक्षाविद बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समारोह के अंत में खराब प्रदर्शन वाले शिक्षकों पर की गई टिप्पणी को लेकर कर्मचारी संगठनों ने नाराजगी भी जताई।
इससे पहले कोषाध्यक्ष कुंतीलाल जैन ने बताया कि प्रारंभ में मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सुंदर सिंह भण्डारी, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। समारोह में ट्रस्टी रामेश्वर रटलाई, पूर्व मेयर रजनी डांगी, रवि नाहर, गोपाल कुमावत, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शांतिलाल चपलोत, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अलका मूंदड़ा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रवींद्र श्रीमाली आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन आलोक पगारिया ने किया जबकि महामंत्री प्रो. उमाशंकर शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
खराब प्रदर्शन वाले शिक्षकों को भेजें बाहर
राज्यपाल कटारिया ने मंचासीन मंत्री बाबूलाल खराड़ी की तरफ देखते हुए कहा कि स्कूलों में खराब प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार शिक्षको को बाहर भेज देना चाहिए। समारोह समापन के बाद आयोजन में सहयोगी रहे कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस पर नाराजगी जाहिर की और वहां से लौट गए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *