बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या का खुलासा, नाबालिग आरोपी निरुद्ध
Share
‘छपरी’ कहने पर भड़का था विवाद, गुस्से में उतारा था वारदात को अंजाम
डूंगरपुर, 29 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): डूंगरपुर जिले के भीलवा पंचेला गांव में दीपावली के दिन हुए बुजुर्ग की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। चौरासी थाना पुलिस ने इस वारदात में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया है।
22 अक्टूबर की शाम जीवा भणात मीणा अपने पोते गोविंद के साथ घर लौट रहे थे। तभी एक बालक अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से आया और अचानक रामपुरी चाकू से जीवा भणात के पेट में वार कर फरार हो गया। घायल को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
थानाधिकारी रमेश कटारा के नेतृत्व में गठित टीम ने फॉरेंसिक और एमओबी जांच के बाद आरोपी बालक को पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि बुजुर्ग ने उसे ‘छपरी’ कहकर चिढ़ाया और हाथापाई की, जिससे गुस्से में उसने चाकू निकालकर वार कर दिया। पुलिस ने नाबालिग को निरुद्ध कर बाल संप्रेषण गृह डूंगरपुर भेज दिया है।
