सलूम्बर में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़
Share
अमेरिका के नागरिकों से ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार
होटल के कमरे से चल रहा था अंतरराष्ट्रीय ठगी रैकेट, एसपी राजेश कुमार यादव के निर्देशन में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सलूम्बर, 12 नवम्बर : सलूंबर पुलिस ने साइबर सेल और डीएसटी टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अमेरिका के नागरिकों को सस्ती दरों पर लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो मिजोरम और एक जयपुर निवासी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, तीन ब्लूटूथ हैडफोन और एक इंटरनेट राउटर जब्त किया है।
एसपी राजेश कुमार यादव ने बताया कि थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि देवगांव स्थित होटल भाग्यश्री के कमरे नंबर 107 में फर्जी कॉल सेंटर संचालित हो रहा है, जहां से विदेशों में ठगी की जा रही है। इस पर पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी। तलाशी के दौरान तीन युवक लैपटॉप पर इंटरनेट कॉलिंग के जरिये विदेशी नागरिकों से बातचीत करते मिले।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम लालरामलूना और एच. जोहमनगहिआ (दोनों निवासी आईजोल, मिजोरम) तथा अक्षय शर्मा (निवासी अजय नगर, जयपुर) बताए। उन्होंने खुलासा किया कि वे अहमदाबाद निवासी भाविन मकवाना के लिए वेतन पर कार्य करते हैं, जिसने होटल के दो कमरे किराए पर लेकर यह फर्जी कॉल सेंटर संचालित कराया था।
आरोपी अमेरिकी नागरिकों को “कम ब्याज दर पर लोन दिलाने” का झांसा देते थे। बातचीत के दौरान वे पीड़ितों से सोशल सिक्योरिटी नंबर, बैंक डिटेल्स और पासवर्ड हासिल कर लेते थे, जिनका उपयोग कर उनके खातों से रकम निकाल ली जाती थी। बताया गया कि भाविन मकवाना इन खातों से डॉलर निकालकर रुपए में परिवर्तित करता था।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी भाविन मकवाना की तलाश की जा रही है। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके।
