फर्जी नंबर प्लेट गिरोह का खुलासा
Share
प्रतापगढ़, 12 दिसम्बर: प्रतापगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत एनडीपीएस प्रकरण में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर तस्करी नेटवर्क पर महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। यह सफलता जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा के मार्गदर्शन में रंठांजना थाना पुलिस को मिली।
यह मामला 3 दिसम्बर 2025 से जुड़ा है, जब हथुनिया पुलिस ने बिलेसरी तिराहे पर नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर की एम्बुलेंस से दो आरोपियों—जोरा राम और लेखराज—को पकड़ा था। जोरा राम से 35.55 ग्राम अफीम और चार जिंदा कारतूस, जबकि लेखराज से एक पिस्टल व तीन कारतूस बरामद हुए थे। वाहन से 2 लाख रुपए नकद और तीन अलग-अलग नंबर प्लेट भी मिली थीं।
प्रकरण की जांच रंठांजना थानाधिकारी विजेंद्र सिंह द्वारा की जा रही थी। गहन जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने मादक पदार्थ तस्करी में सहयोग करने वाले आरोपी हरीश पिता रामचंद्र सोलंकी (45) निवासी प्रतापनगर, जोधपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी पर पूर्व में गिरफ्तार मुलजिमों को फर्जी नंबर प्लेट उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस मामले में आगे की जांच जारी रखे हुए है।
