LOADING

Type to search

प्रतापगढ़ में पारिवारिक कलह बना हत्या का कारण, पत्नी और बेटा गिरफ्तार

Local

प्रतापगढ़ में पारिवारिक कलह बना हत्या का कारण, पत्नी और बेटा गिरफ्तार

Share

शराब के नशे में हुआ विवाद, बेटे के सामने पत्नी ने लाठी से सिर पर किया वार, बेटी की रिपोर्ट पर कार्रवाई
प्रतापगढ़, 21 दिसम्बर:
प्रतापगढ़ जिले के पारसोला थाना क्षेत्र के बावड़ीखेड़ा गांव में शराब के नशे में हुए पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े में पत्नी ने लाठी से वार कर अपने ही पति की जान ले ली। घटना के बाद फरार हुई महिला और उसके बेटे को पुलिस ने जंगलों से गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की बेटी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पारसोला थानाधिकारी राकेश कटारा ने बताया कि 18 दिसंबर को मृतक की बेटी ललिता मीणा (19) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार 17 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे ललिता और उसकी मां चौखली मीणा (50) घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान उनके पिता गोतिया मीणा (58) शराब के नशे में घर पहुंचे और चूल्हे के पास आग तापने लगे। शराब पीने को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।
ललिता के अनुसार झगड़े के दौरान गोतिया मीणा ने चूल्हे से जलती हुई लकड़ी निकालकर पत्नी चौखली मीणा के सिर पर मार दी, जिससे उनके चेहरे पर भी चोट आई। इसके बाद चौखली मीणा ने पास पड़ी लाठी उठाकर गोतिया मीणा के सिर पर जोरदार वार कर दिया।
बेटे के सामने हिंसा
गोतिया मीणा के चिल्लाने की आवाज सुनकर उनका बेटा सूरजमल मीणा (27) भी मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि बेटे के सामने ही चौखली मीणा ने गोतिया मीणा के सिर पर 3-4 बार और लाठी से वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें खाट पर लिटाकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जंगल से गिरफ्तार
घटना के बाद मां-बेटा मौके से फरार हो गए और गांव के आसपास जंगलों में सागवान के पेड़ों और घनी झाड़ियों में छिप गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जौधा के मार्गदर्शन में गठित टीम ने ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर 20 दिसंबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मृतक गोतिया मीणा गांव में रहकर खेती-बाड़ी का काम करते थे। उनका बेटा सूरजमल मीणा जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर सहित आसपास के जिलों में मकानों की छतों पर टाइल्स लगाने का काम करता है, लेकिन दिवाली के बाद से वह घर पर ही था। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *