नाथद्वारा तहसील रिकॉर्ड रूम में आग: 91 फाइलें और दस्तावेज जलकर खाक
Share
जाति प्रमाण पत्र समेत कई अहम दस्तावेज नष्ट, प्रशासन ने जांच शुरू की
नाथद्वारा, 23 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): नाथद्वारा तहसील कार्यालय में गुरुवार दोपहर अचानक आग लग गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए। यह आग दोपहर करीब तीन बजे तहसील परिसर के पीछे बने रिकॉर्ड रूम में लगी।
धुआं उठता देख एक कर्मचारी वहां पहुंचा और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
नायब तहसीलदार हस्तीमल महात्मा ने बताया कि आग में 1991 की फाइलें, जाति प्रमाण पत्रों से संबंधित दस्तावेज और कुछ अन्य रिकॉर्ड जलकर नष्ट हो गए। आग लगने के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
फायर फाइटर विजेश गहलोत ने बताया कि टीम ने तुरंत कार्रवाई कर आग को नियंत्रित किया। प्रशासन ने रिकॉर्ड के नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और आवश्यक कदम उठाने की तैयारी कर रही है।
