96 लाख की विदेशी मदिरा जब्त, 2.98 लाख लीटर वॉश नष्ट, 321 गिरफ्तार
Share
उदयपुर, 7 नवंबर : राज्य में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत राजस्थान आबकारी विभाग ने अब तक बड़ी सफलता हासिल की है। आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देशन में 16 अक्टूबर से प्रारंभ हुआ यह अभियान 16 नवंबर तक जारी रहेगा। आबकारी विभाग की कार्रवाई में अब तक 96 लाख 99 हजार रुपए मूल्य की भारत निर्मित विदेशी मदिरा (IMFL) जब्त की गई है। साथ ही 2 लाख 98 हजार 524 लीटर वॉश नष्ट किया गया, जो अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त होने वाला कच्चा पदार्थ है। विभाग ने अब तक 986 प्रकरण दर्ज कर 321 लोगों को गिरफ्तार किया है।
आबकारी आयुक्त नकाते ने बताया कि इस अभियान में सघन छापेमारी, नाकाबंदी और निगरानी की जा रही है। अब तक 13,459 बोतल विदेशी मदिरा, 5,442 बोतल बीयर, 3,760 बोतल देशी शराब और 6,199 बोतल हथकड़ी शराब जब्त की गई है। इसके अलावा 26 लीटर स्प्रिट भी सीज की गई है। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (प्रशासन) ओ.पी. जैन और अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (पॉलिसी) प्रदीप सिंह सांगावत ने बताया कि अवैध शराब परिवहन में प्रयुक्त 35 वाहनों को भी जब्त किया गया है, जिनमें 28 दुपहिया, 4 हल्के और 3 भारी वाहन शामिल हैं। अभियान के तहत प्रदेशभर में विशेष दल सक्रिय हैं और लगातार कार्रवाई जारी है। विभाग का मानना है कि इस अभियान से अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगा है तथा आगामी दिनों में इस पर और सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
