वन विभाग कर्मचारियों पर किया था हमला, 11 गिरफ्तार
Share
उदयपुर, 24 नवम्बर: जिले के पानरवा थाना क्षेत्र में वन भूमि पर अतिक्रमण हटाने पहुंचे वन विभाग कर्मचारियों पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह घटना 17 नवम्बर को उस समय हुई जब वन अधिकारियों को सूचना मिली कि अम्बासा क्षेत्र के वमोका कोदर नाल में कुछ लोग पेड़ काटकर वन भूमि पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना पर वनरक्षक प्रभुलाल मीणा के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। टीम ने देखा कि करीब 100-150 पेड़-पौधे काटे जा चुके थे। आरोप है कि इस दौरान मीठा लाल, होनिया, भीमा, राजेंद्र सहित कई लोगों ने वन विभाग के कर्मचारियों को घेर लिया। उन्होंने कर्मचारियों के हाथ से लाठियां छीन लीं और उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए हमला किया। इस हमले में वनकर्मियों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया और उन्होंने घटना की जानकारी तुरंत थाने में दी। रिपोर्ट दर्ज होने पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। शुरुआती छानबीन और पहचान के बाद पुलिस ने भाणा राम, नानालाल, मुकेश कुमार, कालिया गमार, लाडू, बसु वडेरा, लाला वडेरा, साईबा, रमेश कुमार, मुकेश साजा सहित कुल 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और यह भी जांचा जा रहा है कि वन भूमि पर अवैध कब्जे के पीछे किसी बड़े गिरोह की भूमिका तो नहीं।
