पूर्व सीएम गहलोत बोले, सोनम वांगचुक क्या आतंकवादी है, जिसे लद्दाख से उठाकर जोधपुर जेल लाया गया
Share
&&&&
उदयपुर, 27 सितम्बर: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता और वैज्ञानिक सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि वांगचुक कौनसा इतना बड़ा आतंकवादी है, जिसे लद्दाख से उठाकर जोधपुर जेल में रखा गया। गहलोत ने इसे सरकारी कुप्रबंधन करार देते हुए कहा कि जेलों में मोबाइल फोन और गैंगस्टरों की गतिविधियां तो चलती रहती हैं, लेकिन शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले एक्टिविस्ट को कैद कर लिया गया। उन्होंने कहा कि वांगचुक लंबे समय से लद्दाख के मुद्दे उठा रहे थे और प्रधानमंत्री मोदी के समर्थक भी रहे हैं, फिर अचानक उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों हुई?
गहलोत ने मणिपुर में ढाई साल से जारी हिंसा पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय को हालात की पूरी जानकारी होने के बावजूद समाधान के ठोस प्रयास नहीं हुए। प्रधानमंत्री के हालिया मणिपुर दौरे के बाद भी हिंसा का भड़कना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने चेतावनी दी कि कश्मीर और लद्दाख जैसे सीमावर्ती इलाकों में बढ़ते तनाव से देश की स्थिरता पर असर पड़ सकता है।
कन्हैयालाल हत्याकांड मामले में न्याय पर देरी को लेकर उठाए सरकार से सवाल
गहलोत ने कन्हैयालाल टेलर हत्या मामले को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि घटना के आरोपियों को पकड़ने के बावजूद तीन साल में सजा नहीं दिलाई जा सकी। यह प्रदेश और जनता प्रधानमंत्री मोदी व गृहमंत्री अमित शाह से पूछ रही है कि आखिर हत्यारों को सजा क्यों नहीं मिली। गहलोत का आरोप था कि हत्या करने वाले भाजपा कार्यकर्ता थे, और शायद बदनामी के डर से कार्रवाई लंबित है। उन्होंने कहा, “अगर यह केस मेरे पास होता तो छह महीने में फांसी या आजीवन कारावास की सजा हो जाती।”
उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार को तत्काल मदद और नौकरी दी गई, लेकिन एनआईए अब तक गवाहों के बयान तक पूरे नहीं कर सकी। गहलोत ने कहा कि भाजपा ने चुनाव में इस मुद्दे पर झूठा प्रचार कर कांग्रेस को नुकसान पहुंचाया, लेकिन जनता सच्चाई समझ चुकी है और अगली बार जवाब देगी।
कांग्रेस को मजबूत करने का आह्वान
गहलोत ने पार्टी संगठन पर भी जोर देते हुए कहा कि देश को कांग्रेस और उसकी विचारधारा की जरूरत है। कांग्रेस तभी मजबूत होगी जब हर स्तर का कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन को सशक्त बनाने का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में कांग्रेस की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
