ऋषभदेव में आवास योजना में फर्जीवाड़ा उजागर
Share
सरपंच जसोदा मीणा सहित 7 कार्मिक निलंबित, 16 सीसीए की कार्रवाई शुरू
उदयपुर, 14 अक्टूबर: ऋषभदेव थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत घोड़ी में प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य योजनाओं में बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। मामले में शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने ग्राम पंचायत घोड़ी की सरपंच (प्रशासक) जसोदा मीणा सहित 7 कार्मिकों को निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। साथ ही सभी पर 16 सीसीए के तहत विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
जांच में पाया गया कि आरोपितों ने पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और मनरेगा योजना में नियमों की अवहेलना कर करोड़ों रुपए की अनियमितता की। फर्जी लाभार्थियों को आवास की राशि स्थानांतरित करने और मनरेगा में कागजों पर कार्य दिखाने के आरोप साबित हुए। इस पूरे प्रकरण की जांच राजसमंद जिला परिषद के एसीईओ की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा की गई। जांच में तत्कालीन सरपंच दिलीप कुमार, वर्तमान सरपंच जसोदा मीणा, विकास अधिकारी अजीत डामोर, रोजगार सहायक रमेश चंद्र, कनिष्ठ सहायक सुरेंद्र कुमार मीणा, सहायक विकास अधिकारी कैलाश जोया और तत्कालीन विकास अधिकारी मूलाराम सोलंकी को दोषी पाया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर मंत्री दिलावर ने सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और विभागीय कार्रवाई आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
