LOADING

Type to search

बिजली के तारों से लेकर कम्प्यूटर की हार्ड डिस्क तक, सबके भावों ने चौंकाया

Local

बिजली के तारों से लेकर कम्प्यूटर की हार्ड डिस्क तक, सबके भावों ने चौंकाया

Share

बिजली के तार प्रति बंडल 500 से 1500 रुपए बढ़े
कॉपर भंगार के भाव में भी भाव खाने लगा
कौशल मूंदड़ा
उदयपुर, 31 दिसम्बर:
दीपावली के बाद महंगाई ने चुपके-चुपके पांव पसारे हैं, इसका अंदाजा अब जाकर हो रहा है जब बाजार में अचानक बिजली के तार, एसी का कॉपर पाइप महंगा होने के साथ उपलब्ध तक नहीं हो रहा है। इससे बुरा हाल कम्प्यूटर की हार्ड डिस्क, रैम का है जिनका भाव दो से तीन गुना बढ़ गया है। यह क्रम थमा नहीं है, भाव और बढ़ने की आशंकाओं से कोई इनकार नहीं कर रहा है।
भाव बढ़ने का कारण सोना-चांदी नहीं
भाव बढ़ने के पीछे सोना-चांदी में तेजी का कोई कारण नहीं है। बिजली के तारों और कॉपर वायर के भाव बढ़ने के मामले में व्यापारी और बिजली का काम करने वाली तकनीशियनों का कहना है कि यह हर साल का मसला है। तकनीशियन मुकेश कलाल कहते हैं कि साल के अंत में अचानक शॉर्टेज हो जाती है और शॉर्टेज का हवाला देकर भाव बढ़ा दिए जाते हैं। कुछ दिन बीतने पर कुछ भाव कम होकर स्थिर कर दिए जाते हैं। जानकार कह रहे हैं कि वैश्विक बाजार में विभिन्न धातुओं के भावों में तेजी का माहौल है। यही कारण है कि माल रखने वालों ने सप्लाई रोक दी है, वे भावों के उच्चतर स्तर पर पहुंचकर स्थिर होने का इंतजार कर रहे हैं ताकि पुराने भाव का माले नए भाव में बेचकर मुनाफा ज्यादा कमा सकें।
हार्ड डिस्क-रैम के भाव बढ़ने के पीछे एआई
-कम्प्यूटर हार्डवेयर का काम करने वाले व्यवसायी दिनेश हाड़ा बताते हैं कि दीपावली के बाद अचानक भाव बढ़ना शुरू हुए हैं जो अब तो चिंताजनक स्थिति में है। लोकल लेवल पर कम्प्यूटर असेम्बल करवाने वाले लोगों ने अपने आप को रोक दिया है। उन्होंने बताया कि भाव बढ़ने का कारण एआई कम्पनियां हैं।एआई कम्पनियों को विशाल स्टोरेज की आवश्यकता है, इसलिए उन कम्पनियों ने स्टोरेज-मेमोरी फ्लैश चिप्स बनाने वाली कम्पनियों को बल्क ऑर्डर देकर सारा माल अपनी तरफ खींच लिया है। लोकल कंज्यूमर के पास माल ही नहीं पहुंचेगा तो भाव बढ़ना स्वाभाविक है। जब तक मेमोरी चिप उत्पादन नहीं बढ़ता है तब तक परेशानी बनी रहेगी क्योंकि मौजूदा उत्पादन का बड़ा हिस्सा तो एआई कम्पनियां ही उठा लेंगी।
बिजली के तारों पर एक नजर (प्रति बंडल-180 मीटर)
थिकनेस ढाई माह पूर्व वर्तमान में
1.0 एमएम 1950 2315
1.5 एमएम 3050 3524
2.5 एमएम 4600 5724
(इससे ज्यादा थिकनेस के तारों के भाव भी बढ़े हैं)
हार्ड डिस्क-रैम के भाव (मध्यम कम्पनियों के)
कम्पोनेंट ढाई माह पूर्व वर्तमान में
एएसडी 256 जीबी 1300-1700 3500-4500
रैम 8जीबी डीडीआर-4 1300-1700 4000-5000
एचडीडी (इंटरनल डेस्कटॉप वन टीबी) 3200-3700 7000-7500
कॉपर भंगार में ही भारी
-कॉपर का भंगार में कबाड़ी द्वारा खरीदने का भाव पिछले दिनों में 600 करीब से बढ़कर 750 रुपए करीब हो गया है, ऐसे में भंगार वाले से यदि कोई सामान्य व्यक्ति खरीदना चाहे तो उसे 1000-1100 रुपए किलो से नीचे नहीं मिल रहा है। फ्रेश कॉपर तो महंगा हो ही चुका है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *