डूंगरपुर में गिरदावरी टीम पर हमला, सरपंच पति घायल
Share
खातेदार और साथियों पर मामला दर्ज
उदयपुर, 20 सितम्बर: डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के छैला खेरवाड़ा गांव में गिरदावरी के काम पर गए पटवारी और सरपंच पति पर खातेदार और उसके साथियों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में सरपंच पति गणेशलाल गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पटवारी नितिन पारगी ने भागकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार पटवारी गिरदावरी के लिए सर्वेयर के साथ गांव पहुंचे थे। इसी दौरान एक महिला और उसका पति टीम को धमकाने आए और पटवारी की गिरेबान पकड़कर जान से मारने की धमकी दी। बाद में पटवारी ने पंचायत पहुंचकर मामले की जानकारी सरपंच को दी। सरपंच पति गणेशलाल मौके पर पहुंचकर टीम के साथ वहां गए, तभी खातेदार और उसके साथियों ने धारिया, लट्ठ और पत्थरों से हमला कर दिया।
हमले की सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और घायल सरपंच पति का हालचाल जानने के बाद रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने खातेदार और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
