GST में बड़ा बदलाव: अब केवल 5% और 18% स्लैब, रोजमर्रा की चीजें होंगी सस्ती
Share
नई दिल्ली, 21 अगस्त: जीएसटी काउंसिल के मंत्रियों के समूह (GoM) ने टैक्स संरचना में बड़ा बदलाव सुझाते हुए 12% और 28% वाले स्लैब खत्म करने की मंजूरी दे दी है। अब जीएसटी में सिर्फ दो स्लैब 5% और 18% रहेंगे, जबकि लग्जरी आइटम्स पर 40% टैक्स लगेगा।
GoM के संयोजक सम्राट चौधरी ने बताया कि केंद्र सरकार के प्रस्ताव को अधिकांश राज्यों का समर्थन मिला है। हालांकि, कुछ राज्यों ने आपत्तियां भी जताई हैं। अब यह सिफारिशें जीएसटी काउंसिल की बैठक में रखी जाएंगी, जो इस पर अंतिम फैसला लेगी।
रोजमर्रा की चीजें होंगी सस्ती
12% से 5% टैक्स में आने वाले सामान:
सूखे मेवे, ब्रांडेड नमकीन, टूथपेस्ट, साबुन, हेयर ऑयल
सामान्य एंटीबायोटिक्स, पेनकिलर दवाएं
प्रोसेस्ड फूड, स्नैक्स, फ्रोजन सब्जियां, कंडेंस्ड मिल्क
मोबाइल, कंप्यूटर, सिलाई मशीन, प्रेशर कुकर, गीजर
1000 रुपए से अधिक के रेडीमेड कपड़े, 500-1000 रुपए के जूते
ज्यादातर वैक्सीन, HIV/TB किट, साइकिल, बर्तन, पानी के फिल्टर
महंगे प्रोडक्ट्स भी होंगे सस्ते
28% से 18% टैक्स में आने वाले सामान:
सीमेंट, ब्यूटी प्रोडक्ट, चॉकलेट
टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एसी, डिशवॉशर
रबर टायर, एल्युमिनियम फॉयल, टेम्पर्ड ग्लास
प्रिंटर, रेजर, मैनिक्योर किट, कॉफी/शुगर सिरप
आगे की प्रक्रिया
GoM की सिफारिशें अब जीएसटी काउंसिल की अगली बैठक में रखी जाएंगी।
यदि 75% बहुमत से प्रस्ताव पास हो जाता है, तो केंद्र व राज्य सरकारें कानूनी प्रक्रिया पूरी करेंगी।
नई दरें संभवतः 2026 की शुरुआत तक लागू हो सकती हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर वादा किया था कि इस बार दिवाली पर जनता को जीएसटी सुधारों का तोहफा मिलेगा। नए स्लैब से आम उपभोक्ताओं को राहत और रोजमर्रा की चीजों पर खर्च कम होने की उम्मीद है।
