LOADING

Type to search

मंदिर में चोरी के लिए घुसा था, छत से गिरकर गंवाई जान

Local

मंदिर में चोरी के लिए घुसा था, छत से गिरकर गंवाई जान

Share

ग्रामीणों की आहट से भागने की कोशिश में हादसा, तीन साथी फरार
उदयपुर से जांच के लिए गई थी एफएसएल टीम
उदयपुर, 25 नवम्बर:
डूंगरपुर जिले के आसपुर क्षेत्र के कतीसौर स्थित कटकेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार रात चोरी के इरादे से घुसे चार युवकों में से एक की छत से गिरने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब ग्रामीणों ने मंदिर में हलचल देख चोरों को पकड़ने के लिए दौड़ लगाई। घबराकर भाग रहे युवकों में एक छत से नीचे गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान गणेश पुत्र लालू, निवासी कीर बस्ती करकला, थाना झल्लारा (सलुंबर) के रूप में हुई है। आसपुर थाना सीआई प्रदीप बिट्टू ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रात में ही अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि चोरों ने मंदिर के तीन दरवाजों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया था।
ग्रामीणों द्वारा लाइट जलती देख मंदिर पहुंचने पर तीन चोर भाग निकले, जबकि एक युवक छत पर चढ़कर बचने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वह सीढ़ियों के पास से फिसलकर मंदिर परिसर में गिर गया। पुलिस ने घटना स्थल को सील कर दो जवानों को सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर दिया है।
मामले की जांच के लिए सागवाड़ा से मोबाइल इन्वेस्टिगेशन यूनिट प्रभारी शिवराम कटारा और उदयपुर से एफएसएल विशेषज्ञ गिर्राज राज पाठक ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। चोरों द्वारा उपयोग की गई बाइक भी मंदिर परिसर के पास से बरामद की गई है। पुजारी मणिलाल उपाध्याय की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गांव के ग्रामीण गट्टू सिंह चौहान ने बताया कि रात करीब 10 बजे कुछ युवक बाइक खड़ी कर मंदिर पर चढ़ते दिखाई दिए, जिसके बाद ग्रामीण तुरंत वहां पहुंचे। वहीं, मृतक के पिता लालू का कहना है कि उनका बेटा चोरी नहीं करता था और लकड़ी काटने का काम करता था। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *