ट्रेन में मोबाइल चोरी कर भागा था महाराष्ट्र, चित्तौड़गढ़ जीआरपी ने दबोचा
Share
रेलवे कोच से फोन उड़ाने वाला आरोपी जलगांव में कर रहा था केटरिंग का काम; पहले भी जा चुका है जेल
चित्तौड़गढ़, 3 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): चित्तौड़गढ़ जीआरपी पुलिस ने मोबाइल चोरी के एक मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को महाराष्ट्र के जलगांव से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी हुआ मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। यह वही युवक है जो ट्रेन में सोते यात्री का मोबाइल चुराकर फरार हो गया था और पिछले एक महीने से जलगांव में केटरिंग का काम कर रहा था।
ट्रेन में सोते समय उड़ाया मोबाइल
जीआरपी थानाधिकारी अनिल देवल ने बताया कि 17 सितंबर को धीरज (18) पुत्र विजय बहादुर सिंह यादव, निवासी चंदौली (उत्तर प्रदेश), फिलहाल नीमच में रह रहा था, चित्तौड़गढ़ से उदयपुर–रतलाम ट्रेन के जनरल कोच में सफर कर रहा था। यात्रा के दौरान जब ट्रेन में भीड़ कम हुई तो उसने मोबाइल चार्ज पर लगाकर नींद ले ली, लेकिन निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंचने पर उसकी नींद खुली तो फोन गायब था। चोरी हुए मोबाइल की कीमत करीब 16 हजार रुपए थी।
नीमच से आई जीरो एफआईआर, सीसीटीवी से मिला सुराग
धीरज ने रिपोर्ट नीमच जीआरपी थाना में दर्ज कराई, जहां से जीरो एफआईआर चित्तौड़गढ़ जीआरपी को भेजी गई। जांच हेड कॉन्स्टेबल अनिल कुमार को सौंपी गई। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया, जिसके आधार पर पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की।
भीलवाड़ा का निकला आरोपी
लोकेशन से पता चला कि आरोपी भैरूलाल (37) पुत्र नारायणदास वैष्णव, निवासी भीलवाड़ा, जलगांव में रहकर एक केटरर्स के यहां नौकरी कर रहा था। चित्तौड़गढ़ जीआरपी की टीम ने जलगांव जाकर भैरूलाल को गिरफ्तार किया और चोरी किया गया मोबाइल बरामद किया।
पहले भी जेल जा चुका, अन्य वारदातों की जांच जारी
पुलिस के अनुसार भैरूलाल पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। वर्ष 2023 में भी उस पर मामला दर्ज हुआ था। प्रारंभिक पूछताछ में उसने ट्रेन यात्रियों को निशाना बनाने की बात स्वीकारी है। जीआरपी अब यह जांच कर रही है कि आरोपी ने रेलवे ट्रैक के आसपास और भी चोरी की वारदातें तो नहीं कीं।
