गणेशपुर में अवैध क्लिनिक पर स्वास्थ्य विभाग का छापा
Share
फर्जी डॉक्टर फरार, भारी मात्रा में दवाएं व सामग्री जब्त
डूंगरपुर, 25 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): डूंगरपुर जिले के गणेशपुर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को एक अवैध झोलाछाप क्लिनिक पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्लिनिक संचालक पीके विश्वास टीम को देखते ही मौके से फरार हो गया। क्लिनिक से अंग्रेजी दवाओं, गर्भनिरोधक गोलियों और प्रतिबंधित मेडिकल सामग्री की बड़ी मात्रा बरामद हुई है।
आसपुर ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में टीम ने मौके पर एक मरीज भर्ती पाया, जिसे तुरंत नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भेजा गया। दो मंजिला इस क्लिनिक में चार बेड लगे थे, जिससे इसे अस्पताल जैसा रूप दिया गया था।
डॉ. नागेंद्र सिंह ने बताया कि बिना किसी मेडिकल डिग्री के पीके विश्वास द्वारा क्लिनिक संचालित करने और मरीजों की जान जोखिम में डालने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसके बाद टीम ने तुरंत कार्रवाई की। टीम में सीएचसी रामगढ़ के डॉ. जगदीश शर्मा, डॉ. कमला, डॉ. सुनील कुमार, फार्मासिस्ट महेश कुमार और बीपीओ जफर अहमद शामिल थे।
स्वास्थ्य विभाग ने मौके से मिली सभी दवाओं और सामग्री को जब्त कर लिया है। फरार झोलाछाप संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। विभाग का कहना है कि ऐसे अवैध क्लिनिकों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।
