उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: चार की मौत
Share
उदयपुर , 11 अक्टूबर : अहमदाबाद-उदयपुर नेशनल हाईवे पर ऋषभदेव कस्बे के पास मयूर मिल के सामने शनिवार रात करीब 8 बजे एक भयानक सड़क हादसा हुआ। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और शव सड़क पर बिखर गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाईवे पर अचानक एक भैंस सड़क पर आ गई। इसे बचाने के प्रयास में एक बोलेरो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और सामने से आ रहे वाहन से टकरा गई। इसके बाद पीछे से आ रही अन्य गाड़ियां भी हादसे की चपेट में आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और कुछ लोग वाहनों में फंस गए, जिन्हें गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया।
हादसे में मरने वालों में सलूम्बर क्षेत्र के भोराई घाटा निवासी अनिल (30) पुत्र मूलचंद मीणा, डूंगरपुर के खेमा निवासी ईश्वर पुत्र धुला मीणा, सेमारी के शक्तावतों का गुढ़ा निवासी जीजा देवी (24) पत्नी जितेंद्र कुमार कटारा और भोराई घाटा निवासी बसंती (54) पत्नी मूलचंद मीणा शामिल हैं। सभी लोग उदयपुर से अपने परिवार के किसी सदस्य को डॉक्टर के पास दिखाकर घर लौट रहे थे। इस हादसे में अजमेर के किशनगढ़ निवासी कैलाश पुत्र गणपतलाल गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें पहले ऋषभदेव अस्पताल ले जाया गया और फिर उदयपुर रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही भरत सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में पुलिस और उपखंड अधिकारी भागचंद रेगर टीम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हाईवे पर दोनों तरफ से यातायात रोककर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाया।
थानाधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण भैंस के अचानक सड़क पर आना और वाहन चालक का उसे बचाने का प्रयास बताया जा रहा है।
