आधी रात को घर फूंका, ग्रामीणों ने बचाई नाबालिग की जान
Share
उदयपुर, 26 दिसंबर : उदयपुर जिले के नाई थाना क्षेत्र के पई गांव में गुरुवार देर रात समाजकंटकों ने एक परिवार के कच्चे मकान में आग लगा दी और घर के बाहर खड़ी बाइक को भी जला दिया। आग की लपटें उठते ही परिवार के सदस्य किसी तरह बाहर निकले, लेकिन इसी बीच बदमाशों ने 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। पीड़ित परिवार के शोर मचाने और आसपास के ग्रामीणों के जागने पर हमलावर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर रात्रि गश्त कर रही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। आगजनी की घटना में केलूपोश मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। घर में रखा घरेलू सामान, कपड़े, बिस्तर और रसोई का सामान नष्ट हो गया, जिससे परिवार को भारी नुकसान हुआ है। घटना के बाद भयभीत परिवार ने रात रिश्तेदारों के यहां शरण लेकर बिताई। पीड़ित ने नाई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि हमलावरों को वे पहचानते हैं और परिवार को जान का खतरा बना हुआ है। पुलिस के अनुसार मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर जांच तेज कर दी गई है। घटना से गांव में दहशत का माहौल है।
