डूंगरपुर में ट्रैक्टर से अवैध विस्फोटक बरामद
Share
‘ऑपरेशन पृथ्वी’ के तहत कार्रवाई, एक युवक गिरफ्तार
डूंगरपुर, 28 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): पुलिस ने ‘ऑपरेशन पृथ्वी’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री जब्त की है। पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देश पर प्राकृतिक धरोहर को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक मीणा और वृत्ताधिकारी रूप सिंह के निर्देशन में थानाधिकारी मदन लाल के नेतृत्व में सागवाड़ा पुलिस टीम ने कोकापुर-मोवाई मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रैक्टर (आरपीजे 7387) को रोका। तलाशी में ट्रैक्टर में एक सफेद कट्टे में 60 जिलेटिन स्टिक (सुपरपावर 90 कंपनी), ब्लास्टिंग मशीन और लाल फ्यूज वायर बरामद हुए।
पुलिस ने मौके से चालक हरीश (22) पुत्र जीवा डेण्डोर, निवासी मोदरा छोटा, थाना चितरी को गिरफ्तार किया। आरोपी विस्फोटक सामग्री के कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने ट्रैक्टर व कंप्रेसर सहित समस्त सामग्री जब्त कर ली है।
पुलिस अब आरोपी से विस्फोटक के स्रोत, संभावित उपयोग और इस अवैध गतिविधि में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
