दो लग्जरी कारों से अवैध शराब जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार
Share
डूंगरपुर, 8 अक्टूबर (उदयपुर डेस्क): डूंगरपुर जिले की धंबोला थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दो लग्जरी कारों से 140 शराब की बोतलें जब्त कीं और तीन तस्करों को गिरफ्तार किया।
थानाधिकारी मोहम्मद रिजवान खान ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सागवाड़ा से सीमलवाड़ा होते हुए गुजरात शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर थाने के बाहर नाकाबंदी की गई। इस दौरान संदिग्ध दो कारें दिखाई दीं, जिन्हें रोककर तलाशी ली गई। जांच में कारों के बोनट में छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई।
एक कार से 69 बोतलें और दूसरी से 71 बोतलें शराब मिलीं। पुलिस ने उदयपुर निवासी विजय सिंह, डूंगरपुर के बांदेला निवासी सुभाष चंद्र लबाना और निठाउवा निवासी दिलीप लबाना को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
