स्कैन करते ही पता चलेगा अवैध शराब, जानें ऐप और शिकायत की प्रक्रिया
Share
उदयपुर, 29 अक्टूबर: अब राजस्थान में स्मार्टफोन से स्कैन करते ही आप किसी भी मदिरा बोतल की वैधता और जानकारी पता कर सकते हैं। आबकारी विभाग ने इसके लिए ‘राज एक्साईज सिटीजन’ मोबाइल ऐप तैयार किया है।
आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते ने बताया कि अनधिकृत स्रोत से खरीदी गई शराब जहरीली और जानलेवा हो सकती है। इस ऐप के जरिए मदिरा बोतल पर लगे होलोग्राम स्टीकर के QR कोड को स्कैन करने या बोतल पर अंकित QR नंबर दर्ज करने पर मदिरा का ब्रांड, अधिकतम मूल्य, पैकिंग साइज, बैच नंबर, उत्पादन तिथि और निर्माता का नाम जैसी जानकारी तुरंत प्रदर्शित हो जाती है। इससे उपभोक्ता को वास्तविक और अधिकृत मदिरा का पता रियल-टाइम में चल सकता है।
ऐप डाउनलोड कैसे करें
उपभोक्ता गूगल सर्च या आबकारी विभाग की वेबसाइट पर जाकर ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। वेबसाइट के मुख्य पृष्ठ पर उपलब्ध QR कोड स्कैन कर भी ऐप अपने मोबाइल में इंस्टॉल किया जा सकता है।
अवैध शराब की शिकायत
यदि कोई मदिरा अनधिकृत स्रोत की हो या अधिकतम मूल्य से महंगी बेची जा रही हो, तो संबंधित जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक या आबकारी आयुक्त कार्यालय के नियंत्रण कक्ष को 18001806436 पर सूचना दी जा सकती है। इस ऐप और शिकायत प्रक्रिया के जरिए आबकारी विभाग ने उपभोक्ताओं को सुरक्षित और वैध मदिरा उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
