पाकिस्तान में आर्मी चीफ आसिम मुनीर होंगे राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से भी ताकतवर
Share
इस्लामाबाद, 10 नवम्बर: पाकिस्तान में आर्मी चीफ आसिम मुनीर को तीनों सेनाओं का चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज (CDF) बनाया जा रहा है। इस पद के साथ उन्हें देश के परमाणु हथियारों और मिसाइल सिस्टम की कमांड मिल जाएगी। इसके लिए सरकार संविधान में संशोधन कर रही है। 27वां संविधान संशोधन विधेयक आज संसद के दोनों सदनों में वोटिंग के लिए पेश किया गया है।
सरकार के पास आवश्यक बहुमत मौजूद है: सीनेट में 65 और नेशनल असेंबली में 233 सांसदों का समर्थन। संशोधन के बाद परमाणु हथियारों का नियंत्रण अब सेना के हाथ में होगा। नेशनल स्ट्रैटजिक कमांड (NSC) का गठन किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता आर्मी चीफ की सिफारिश पर नियुक्त CDF करेगा।
मौजूदा चेयरमैन जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी (CJCSC) का पद 27 नवंबर 2025 को समाप्त हो जाएगा। अब सेना प्रमुख थलसेना, नौसेना और वायुसेना पर संवैधानिक अधिकार रखेंगे।
संशोधन के बाद राष्ट्रपति नाममात्र का सुप्रीम कमांडर रह जाएगा। विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव पाकिस्तान में सेना की ताकत को स्थायी रूप से संविधान में दर्ज कर देगा और नागरिक सरकार इसे आसानी से उलट नहीं सकेगी। इससे सेना का प्रभाव और बढ़ जाएगा और राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री की वास्तविक सैन्य नियंत्रण क्षमता सीमित रह जाएगी।
