LOADING

Type to search

उदयपुर जिले में 286243 बैंक खातों में बिना दावे के पड़े हैं 101.47 करोड़

Local

उदयपुर जिले में 286243 बैंक खातों में बिना दावे के पड़े हैं 101.47 करोड़

Share

अनक्लेम्ड डिपोजिट दावे के लिए उदयपुर में 1 नवम्बर को विशेष शिविर
उदयपुर, 30 अक्टूबर:
उदयपुर जिले में कई वर्षों से 2 लाख 86 हजार 243 बैंक खातों में जमा 101.47 करोड़ रुपयों को अपने असली वारिस का इंतजार है। यह अनक्लेम्ड डिपोजिट सही हाथों में पहुंचाने के लिए भारत सरकार के निर्देश पर आरबीआई की ओर से ‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार’ अभियान शुरू किया गया है।
अग्रणी जिला प्रबंधक संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि अभियान के तहत आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता में उदयपुर में 1 नवम्बर को सुबह 10 बजे से भुवाणा में सोलिटेयर रिसोर्ट में विशेष शिविर लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जागरुकता के अभाव में या कई बार दुर्घटनावश व्यक्ति अपने बैंक खाते या अन्य संपत्तियों का जीते-जी वारिस घोषित नहीं कर पाता है। ऐसे में उसकी मृत्यु के बाद उसकी संपत्ति बैंकों या अन्य वित्तीय संस्थानों में अनक्लेम्ड रह जाती है और बैंकों में निष्क्रिय पड़ी रहती है। आपकी पूंजी, आपका अधिकार शिविर में अनक्लेम्ड जमा, अनक्लेमड बीमा दावे, अनक्लेमड डिविडेंड, अनक्लेम्ड शेयर और म्यूचुअल फंड आदि की जानकारी देने के साथ ही दावा प्रक्रिया के लिए सहायता प्रदान की जाएगी।
घर बैठे पता करें किस बैंक में लावारिस जमा
अग्रणी जिला प्रबंधक गुप्ता ने बताया कि आरबीआई के यूडीजीएएम अनक्लेम्ड डिपोजिट्स गेटवे टू एक्सेस इन्फोर्मेशन) पोर्टल की सहायता से कोई भी नागरिक लावारिस जमा राशि की जानकारी प्राप्त कर सकता है। वो अपने परिवार के किसी भी सदस्य के नाम से भी पता कर सकता है कि किस बैंक में अनक्लेम्ड जमा है। सबसे पहले यूडीजीएएम पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। यदि आप पहली बार उपयोग कर रहे हैं, तो आपको अपना मोबाइल नंबर डालकर पंजीकरण करना होगा। यदि आप पहले से पंजीकृत हैं, तो अपने विवरण का उपयोग करके लॉग इन करें। इस पोर्टल की सहायता से 30 बैंकों में जमा अनक्लेम्ड डिपॉजिट की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। एक बार जब आपको पता चल जाए कि आपका लावारिस डिपॉज़िट किस बैंक में है, तो आप सीधे उस बैंक की वेबसाइट या शाखा से संपर्क करें।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *