भारत जल्द विश्व के टॉप 10 पर्यटन देशों में शामिल होगा
Share
उदयपुर में नेशनल टूरिज्म कॉन्फ्रेंस में मंथन
उदयपुर, 15 अक्टूबर (सुभाष शर्मा): दो दिवसीय नेशनल टूरिज्म कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन भी 50 पर्यटन स्थलों के विकास पर चर्चा जारी रही। राजस्थान पर्यटन विभाग ने उदयपुर, पुष्कर और जैसलमेर को जोड़कर एक टूरिज्म सर्किट बनाने और इसे ग्लोबल स्तर पर विकसित करने का प्रजेंटेशन दिया। केंद्रीय पर्यटन विभाग की सचिव वी विद्ययावथि ने कहा कि भारत का लक्ष्य आने वाले वर्षों में विश्व के शीर्ष 10 पर्यटन देशों में शामिल होना है।
कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सहित देशभर के पर्यटन मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। उन्होंने जैसलमेर हादसे पर शोक व्यक्त किया। मंत्री शेखावत ने उदयपुर के धरोहर संस्थान का दौरा कर संग्रह प्रोजेक्ट के तहत पांडुलिपियों के डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया को समझा। प्रोजेक्ट के ऑपरेशनल हेड अंकित अग्रवाल ने बताया कि 25 लाख पांडुलिपियों को डिजिटाइज करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें विभिन्न लिपियों की पांडुलिपियों को एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जाएगा और इसके लिए OCR और AI जैसी तकनीक का उपयोग किया जा रहा है।
कॉन्फ्रेंस में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, लक्षद्वीप, गुजरात और महाराष्ट्र के पर्यटन विकास प्रजेंटेशन भी हुए। पहले दिन जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड के डेस्टिनेशन मॉडल पर चर्चा हुई। उदयपुर के लेकसिटी हेरिटेज टूरिज्म, लेक कंजर्वेशन और लग्जरी हॉस्पिटिलिटी को रोल मॉडल के रूप में पेश किया गया।
डेलिगेट्स को शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे सिटी पैलेस, फतहसागर, सज्जनगढ़ किला और बागोर हवेली का भ्रमण कराया गया। राजस्थानी सांस्कृतिक संध्या में लोकनृत्य, संगीत और पारंपरिक व्यंजन पेश कर देशी-विदेशी अतिथियों को राजस्थान की असली झलक दिखाई गई।
हर राज्य के एक पर्यटन स्थल को विश्व स्तर पर करेंगे विकसित
वी विद्ययावथि ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “वन स्टेट-वन ग्लोबल डेस्टिनेशन” योजना के तहत हर राज्य में कम से कम एक विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल विकसित किया जाएगा। यह योजना न केवल विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करेगी, बल्कि घरेलू यात्रियों को भी नए पर्यटन स्थलों से परिचित कराएगी। उदयपुर इस वर्ष 10 महीने में चौथे बड़े आयोजन की मेजबानी कर रहा है। पिछले साल भी शहर में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय इवेंट आयोजित हुए थे, जिससे यह मीटिंग्स, प्रोत्साहनों, कॉन्फ्रेंस और एक्ज़िबिशन (MICE) डेस्टिनेशन के रूप में देशभर में लोकप्रिय बन रहा है।
