भारतीय क्रिकेटर श्रेयस अय्यर ने बच्चों को दिए क्रिकेट टिप्स, फिटनेस पर फोकस
Share
उदयपुर, 26 सितम्बर: भारतीय क्रिकेटर श्रेयस अय्यर, जिन्होंने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से ब्रेक लिया है, दो दिन से उदयपुर में गोवर्धन विलास स्थित होटल शिकारबाड़ी में ठहरे हुए हैं। इस दौरान उन्होंने होटल के क्रिकेट मैदान पर अभ्यास किया और वंडर क्रिकेट एकेडमी के बच्चों को बॉलिंग, बैटिंग और फील्डिंग के टिप्स दिए। बच्चों ने उनके साथ फोटो खिंचवाए और ऑटोग्राफ भी लिए।
उदयपुर निवासी पूर्व अंतरराष्ट्रीय अंपायर बलवंत शर्मा ने बताया कि श्रेयस अय्यर ने बातचीत में कहा कि वे फिलहाल व्हाइट बॉल क्रिकेट (टी-20 और वनडे) पर ध्यान दे रहे हैं और आगामी 2 अक्टूबर से अहमदाबाद में शुरू होने वाली वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने बताया कि उनका मुख्य फोकस अभी फिटनेस और रिहैबिलिटेशन पर है।
श्रेयस ने तीन दिन पहले भारतीय क्रिकेट बोर्ड और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर को अपनी पीठ में तकलीफ के कारण लंबे फॉर्मेट के क्रिकेट से ब्रेक लेने की सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक लगातार टेस्ट क्रिकेट खेलना उनके लिए मुश्किल हो रहा था। श्रेयस अय्यर का उदयपुर से खास जुड़ाव है; वे सालभर पहले भी पांच दिन के लिए शहर आए थे। इस बार का दौरा भी उनकी फिटनेस और रिहैबिलिटेशन के साथ-साथ युवाओं और बच्चों को क्रिकेट के गुर सिखाने के उद्देश्य से रहा। बच्चे उनके अनुभव और क्रिकेट ज्ञान से काफी प्रेरित हुए।
