LOADING

Type to search

जाखम बांध की नहरें क्षतिग्रस्त, सिंचाई संकट गहराया

Local

जाखम बांध की नहरें क्षतिग्रस्त, सिंचाई संकट गहराया

Share

प्रतापगढ़, 18 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): जिले की धरियावद विधानसभा क्षेत्र में जाखम बांध की क्षतिग्रस्त नहरों के कारण किसानों के सामने सिंचाई का गहरा संकट उत्पन्न हो गया है। केसरियावाद सहित बांध के अंतिम छोर के हजारों किसानों को पिछले कई महीनों से सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे रबी की फसलें प्रभावित होने लगी हैं।
किसानों के लगातार आंदोलन और मांग के बाद, भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री कन्हैयालाल मीणा ने मंगलवार को जयपुर में जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत से मुलाकात की। मीणा ने मंत्री को क्षेत्र की गंभीर स्थिति से अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि अत्यधिक बारिश के कारण जाखम बांध की दांयीं मुख्य नहर का आरडी 26 से 31 मीटर के बीच बना एक्वाडक्ट (Aqueduct) का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह से टूट गया है। इस बड़ी क्षति के कारण पांच ग्राम पंचायतों के लगभग 25 हजार किसान प्रभावित हुए हैं। पूर्व मंत्री ने आगाह किया कि यदि रबी सीजन शुरू होने से पहले किसानों को पानी नहीं मिला, तो गेहूं और चना जैसी महत्वपूर्ण फसलें बोना मुश्किल हो जाएगा।
मीणा ने मंत्री को लिखित ज्ञापन सौंपकर नहरों की त्वरित मरम्मत करने और इस कार्य के लिए अतिरिक्त बजट तुरंत जारी करने की मांग की। इस पर मंत्री सुरेश सिंह रावत ने सर्वे के आधार पर शीघ्र बजट जारी करने और प्राथमिकता के साथ नहरों का सुदृढ़ीकरण कार्य कराने का आश्वासन दिया है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *